Home / राष्ट्रीय/अन्तरराष्ट्रीय / कुछ लोग विदेश में बैठकर सोचते हैं कि… CJP पर भाजपा अध्यक्ष का बड़ा हमला, विरोध प्रदर्शन को बताया ‘फ्लॉप शो’

कुछ लोग विदेश में बैठकर सोचते हैं कि… CJP पर भाजपा अध्यक्ष का बड़ा हमला, विरोध प्रदर्शन को बताया ‘फ्लॉप शो’

NEET समेत विभिन्न परीक्षा-पत्र लीक मामलों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया। पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेज के छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी और अभिभावक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।

इस प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिना नाम लिए CJP पर निशाना साधा। रांची में बुद्धिजीवियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग विदेश में बैठकर यह मान लेते हैं कि वे भारत के युवाओं को दिशा दे सकते हैं, जबकि देश का युवा किसान, छात्र और समाज के बीच रहकर अपनी सोच विकसित करता है। उन्होंने कहा कि भारत का युवा किसी के हाथ की कठपुतली बनकर आगे नहीं बढ़ेगा।

नितिन नवीन ने यह भी कहा कि डिजिटल क्रांति का उपयोग राष्ट्र निर्माण और युवाओं के सकारात्मक विकास के लिए होना चाहिए। उनके अनुसार डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल युवाओं को नकारात्मक दिशा में ले जाने के लिए नहीं किया जा सकता। उन्होंने दावा किया कि शनिवार का प्रदर्शन अपेक्षित जनसमर्थन जुटाने में सफल नहीं रहा और इससे देश को यह संदेश मिला कि युवा सकारात्मक राजनीति और रचनात्मक बदलाव में विश्वास रखते हैं।

इससे पहले भी भाजपा अध्यक्ष ने कहा था कि कुछ लोग युवाओं को व्यवस्था-विरोधी राजनीति की ओर धकेलने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि देश का युवा अपने भविष्य और राष्ट्र निर्माण के लिए काम करना चाहता है। उन्होंने लोकतांत्रिक विरोध का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मूल भावना और मर्यादाओं को बनाए रखना आवश्यक है।

वहीं, प्रदर्शन के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल शुरुआत है और आने वाले समय में इसे और व्यापक बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *