नई दिल्ली। मेक्सिको के प्यूब्ला राज्य में गुरुवार सुबह चोरी के ईंधन से भरे एक गैस टैंकर में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसमान में विशाल ‘मशरूम क्लाउड’ जैसा आग का गुबार दिखाई दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन को अस्पताल, स्कूलों तथा आसपास के घरों से करीब 2000 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।

टैंकर में जोरदार धमाका
यह हादसा प्यूब्ला शहर से लगभग 35 किलोमीटर पूर्व स्थित तेपेआका (Tepeaca) इलाके में हुआ। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क के किनारे पहले से आग लगी हुई थी, तभी अचानक टैंकर जोरदार धमाके के साथ फट गया।
विस्फोट के बाद आसमान में नारंगी रंग की विशाल आग की लपटें उठीं और दूर-दूर तक काला धुआं फैल गया। एक अन्य वीडियो में धमाके के बाद लोगों को जान बचाकर भागते हुए देखा गया। विस्फोट की तेज आवाज पूरे इलाके में सुनाई दी, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
