Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / वार्ड 13 में विशेष स्वच्छता अभियान, उपाध्यक्ष पलक सुखवानी ने किया नेतृत्व

वार्ड 13 में विशेष स्वच्छता अभियान, उपाध्यक्ष पलक सुखवानी ने किया नेतृत्व

वार्ड 13 में विशेष स्वच्छता अभियान, उपाध्यक्ष पलक सुखवानी ने किया नेतृत्व

तिल्दा-नेवरा। नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा के वार्ड क्रमांक 13 (झूलेलाल वार्ड, सेतपाल नगर) में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व नगर पालिका उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पलक विकास सुखवानी ने किया। वह स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सफाई कार्यों की निगरानी करती रहीं और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देती रहीं।

अभियान के दौरान वार्ड की सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई। नालियों से गंदगी निकालकर उनमें पाउडर का छिड़काव किया गया, वहीं पूरे क्षेत्र में झाड़ू लगाकर कचरे का समुचित उठाव सुनिश्चित किया गया।

इस मौके पर उपाध्यक्ष सुखवानी ने वार्डवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और कचरा इधर-उधर न फैलाएं।

अभियान के दौरान पत्रकारों ने नगर के अन्य वार्डों में गंदगी और “सिर्फ फोटो तक सीमित सफाई अभियान” को लेकर सवाल उठाए। इस पर उपाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी मोहल्ले से शिकायत मिलने पर कार्यवाही की जाती है और हर पार्षद अपने वार्ड के विकास कार्यों के लिए नगर पालिका से समन्वय कर सकता है।

स्ट्रीट लाइट बंद रहने के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि जानकारी मिलते ही संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए गए और तकनीकी समस्या दूर कर लाइटों को चालू कराया गया।

वहीं क्षेत्रीय विकास पर उन्होंने कहा कि टंक राम वर्मा के नेतृत्व में तिल्दा-नेवरा में विकास कार्यों को गति मिली है और अब क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे स्वच्छता अभियान जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *