Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / तीन महिला सहित 16 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों ने दी आमद, पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था संधारण व पुलिसिंग की सीखेंगे बारीकियां

तीन महिला सहित 16 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों ने दी आमद, पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था संधारण व पुलिसिंग की सीखेंगे बारीकियां

कोरबा। जिला पुलिस महकमा को दो प्रशिक्षु सूबेदार व 18 एसआई मिले हैं। राज्य पुलिस अकादमी से बुनियादी प्रशिक्षण उपरांत तीन महिला सहित 16 उप निरीक्षकों ने आमद दे दी है। पुलिस कप्तान प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों की बैठक लेंगे। तत्पश्चात उनकी तैनाती अलग अलग स्थानों पर की जाएगी। जहां प्रशिक्षु अफसरों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान की जाएगी। पुलिस मुख्यालय द्वारा बीते दिनों राज्य पुलिस अकादमी से बुनियादी प्रशिक्षण उपरांत प्रशिक्षु सूबेदार और उप निरीक्षकों की पदस्थापना सूची जारी की गई है। जिसमें जिले को भी दो सूबेदार और 18 उप निरीक्षक मिले हैं। इनमें चार महिला उप निरीक्षक भी शामिल हैं। पुलिस मुख्यालय से पदस्थापना आदेश जारी होने के बाद सोमवार को तीन महिला सहित 16 उप निरीक्षक रक्षित केंद्र पहुंचे। रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैकरा की अगुवाई में प्रशिक्षु अधिकारी जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने आमद देने उपरांत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों की बैठक लेंगे। उनके द्वारा प्रशिक्षु अधिकारियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था संधारण व पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराएंगे। तत्पश्चात प्रशिक्षु अधिकारियों की तैनाती थाना चौकी के अलावा महकमें से जुड़े अन्य विभागों में की जाएगी, जहां प्रशिक्षु अधिकारी व्यवहारिक प्रशिक्षण हासिल करेंगे। जिससे प्रशिक्षु अधिकारी कानून व्यवस्था ड्यूटी, जन संपर्क, अपराध नियंत्रण व पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव हासिल करेंगे। इस अनुभव से भविष्य में सक्षम पुलिस अधिकारी बन सकेंगे। बहरहाल जिले में प्रशिक्षु अधिकारियों की सहभागिता से पुलिस व्यवस्था और प्रभावी बनेगी, आम जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *