Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / कोरबा: होटल में खाना खा रहे युवक पर जानलेवा हमला, शराब के लिए पैसे न देने पर लोहे के स्टैंड से पीटा

कोरबा: होटल में खाना खा रहे युवक पर जानलेवा हमला, शराब के लिए पैसे न देने पर लोहे के स्टैंड से पीटा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 4 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है, जब पीड़ित अजय सोनी एक स्थानीय होटल में खाना खाने गया था। वहां पहले से मौजूद पंकज सोनी और शंकर सोनी ने अजय से शराब पीने के लिए जबरन पैसों की मांग की। जब अजय ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

​विवाद के दौरान आरोपियों ने अपने एक साथी हरीश सोनी (जिम ट्रेनर) को मौके पर बुला लिया और तीनों ने मिलकर पीड़ित की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपियों ने होटल में रखे लोहे के स्टैंड से अजय के सिर और चेहरे पर हमला किया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। बीच-बचाव करने आए अजय के रिश्तेदार विकास सोनी के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

​इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि आरोपी पंकज सोनी और शंकर सोनी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पूर्व में भी इनके द्वारा पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में एक व्यापारी के साथ जमकर मारपीट की गई थी, जिसके चलते इन पर धारा 307 (हत्या का प्रयास) जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। आदतन अपराधी होने के कारण क्षेत्र में इनका काफी आतंक है। घटना के बाद घायल युवक ने कोरबा पुलिस अधीक्षक (SP) और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर इन शातिर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *