Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / मानसून पूर्व नालों की सफाई अभियान तेज, 15 जून से पहले कार्य पूरा करने का लक्ष्य

मानसून पूर्व नालों की सफाई अभियान तेज, 15 जून से पहले कार्य पूरा करने का लक्ष्य

कोरबा। नगर पालिका निगम ने आगामी मानसून को देखते हुए शहर में व्यापक स्तर पर नालों की सफाई का अभियान शुरू कर दिया है। निगम प्रशासन का उद्देश्य बारिश के मौसम में जलभराव, गंदगी और जल निकासी संबंधी समस्याओं को कम करना है। इसी कड़ी में नगर निगम क्षेत्र के सभी 67 वार्डों में छोटे और बड़े नालों की साफ-सफाई का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, हर वर्ष मानसून के दौरान तेज बारिश और कई बार अतिवृष्टि की स्थिति बनने से शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। नालों में जमा गाद, प्लास्टिक कचरा और अन्य अवरोध पानी के प्रवाह को प्रभावित करते हैं, जिससे सडक़ों और रिहायशी क्षेत्रों में पानी भरने लगता है। इससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ जाते हैं।

 

इन्हीं संभावित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए निगम ने मानसून पूर्व विशेष सफाई अभियान चलाया है। सफाई कर्मियों और मशीनों की मदद से प्रमुख नालों के साथ-साथ वार्ड स्तर पर मौजूद छोटे नालों की भी सफाई की जा रही है। निकाली गई गाद और कचरे का तत्काल उठाव कर उसका उचित निपटान सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि दोबारा नालों में अवरोध उत्पन्न न हो।

नगर निगम का लक्ष्य है कि 15 जून से पहले सभी निर्धारित क्षेत्रों में सफाई कार्य पूर्ण कर लिया जाए। अधिकारियों ने बताया कि अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और जिन वार्डों में जलभराव की आशंका अधिक रहती है, वहां विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *