गौरेला पेण्ड्रा मरवाही: जिले के कोटमी में हुए सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की हत्या के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। मृतक प्रदीप सोनी के छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से WhatsApp मैसेज आया है, जिसमें लिखा है कि प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या उसी ने की है आपको जो करना है कर लेना। पेंड्रा पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

परिजनों को धमकी भरे लहजे में न सिर्फ हत्या की बात कबूली है, बल्कि मृतक के बेटे को लेकर भी धमकी भरे शब्दों में लिखा है। धमकी भरा मैसेज भेजने के बाद संबंधित व्यक्ति ने चैट पर माफी भी मांगी है। पेंड्रा पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से नंबर को ट्रेस किया जा रहा है और उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड व लोकेशन की तकनीकी जांच की जा रही है

पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह किसी का साइकोलॉजिकल एक्ट (गुमराह करने की कोशिश) है या सच में हत्याकांड से जुड़े किसी आरोपी का नंबर है। इस हत्याकांड के तार सुलझाने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं।
खबरों के मुताबिक, पुलिस की एक टीम बिहार में एसटीएफ (STF) की मदद से एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है। ऐसा माना जा रहा है इस मामले में स्थानीय लोगों के शामिल होने की भी पूरी आशंका है, जिसे ध्यान में रखते हुए पुलिस बेहद सावधानी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।
