
गेवरा प्रोजेक्ट में गैस संकट पर बवाल, आंदोलन की चेतावनीकोरबा जिले के गेवरा प्रोजेक्ट स्थित भारत गैस एजेंसी में रसोई गैस की भारी किल्लत को लेकर शनिवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। पिछले करीब 15 दिनों से सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान सैकड़ों लोगों ने एजेंसी परिसर में जमकर हंगामा और नारेबाजी की। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस बुकिंग के बावजूद न तो समय पर होम डिलीवरी हो रही है और न ही एजेंसी से सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके चलते लोग रोजाना एजेंसी के चक्कर लगाने को मजबूर हैं और कई बार खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने एजेंसी प्रबंधन पर पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि स्टॉक और वितरण की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही, जिससे उपभोक्ताओं में भ्रम और नाराजगी बढ़ रही है। मामले के दौरान एजेंसी पक्ष ने आर्थिक कारणों से पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर नहीं मंगवा पाने की बात स्वीकार की, जिससे मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर पैदा हो गया है। वहीं, उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। स्थिति को देखते हुए नई कमेटी के पदाधिकारियों ने जल्द समस्या के समाधान और नियमित आपूर्ति का भरोसा दिलाया है।
