
छत्तीसगढ़। नवीन जिंदल ने वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के समर्थन में बयान दिया है और छत्तीसगढ़ में हुए बॉयलर ब्लास्ट मामले में दर्ज एफआईआर पर सवाल उठाए हैं।जिंदल ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का नाम जांच पूरी होने से पहले एफआईआर में शामिल करना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने जोर दिया कि पहले निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए, उसके बाद ही जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और आजीविका सहायता मिलना जरूरी है। साथ ही, उन्होंने कहा कि दुर्घटना वाले प्लांट के संचालन में अनिल अग्रवाल की सीधी भूमिका नहीं थी और ऐसे मामलों में समान मानक अपनाए जाने चाहिए। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के शक्ति जिले में 14 अप्रैल को वेदांता के पावर प्लांट में हुए बॉयलर विस्फोट में कई मजदूरों की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने लापरवाही से मौत सहित विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर चेयरमैन समेत कई लोगों को नामजद किया है। वहीं, जिंदल के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं, जहां कुछ लोगों ने उनके बयान का विरोध किया और दुर्घटना में जान गंवाने वाले मजदूरों के प्रति संवेदनशीलता पर सवाल उठाए हैं। इस बीच, मामले की जांच जारी है और केंद्रीय स्तर पर भी दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
