Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / लखनपुर बाईपास और लेमरू में वन्यजीव-अनुकूल फोरलेन को मंजूरी, टी.एस. सिंहदेव ने जताया आभार

लखनपुर बाईपास और लेमरू में वन्यजीव-अनुकूल फोरलेन को मंजूरी, टी.एस. सिंहदेव ने जताया आभार

अंबिकापुर। अंबिकापुर–कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग-130 को फोरलेन में विकसित करने की परियोजना में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के सुझावों पर केंद्र सरकार ने लखनपुर में बाईपास और लेमरू क्षेत्र में वन्यजीव-अनुकूल सड़क निर्माण को शामिल करने का निर्णय लिया है। जानकारी के अनुसार, इस फोरलेन प्रोजेक्ट के तहत लखनपुर नगर में बाईपास बनाया जाएगा, जिससे शहर के भीतर भारी वाहनों के दबाव में कमी आएगी और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा घटेगा। वहीं, लेमरू हाथी प्रोजेक्ट क्षेत्र से गुजरने वाले मार्ग पर वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रावधान किए जाएंगे। इसमें एनिमल अंडरपास और बैरिकेडिंग जैसी सुविधाएं शामिल होंगी, ताकि जंगली जानवरों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे। बताया गया कि टी.एस. सिंहदेव ने 8 मार्च को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर इन सुधारों का सुझाव दिया था, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने डीपीआर में संशोधन के निर्देश जारी किए। इस फैसले पर सिंहदेव ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह पहल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी। यह परियोजना एक ओर सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाएगी, वहीं दूसरी ओर वन्यजीव संरक्षण के लिए भी एक मॉडल के रूप में सामने आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *