Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / कोरबा में रेत माफिया पर महिलाओं का शिकंजा: अवैध उत्खनन करते दो जेसीबी और हाइवा पकड़े, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

कोरबा में रेत माफिया पर महिलाओं का शिकंजा: अवैध उत्खनन करते दो जेसीबी और हाइवा पकड़े, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

कोरबा,27 मई । जिले के अंतर्गत ग्राम कनकी जोगी में बुधवार सुबह को ग्रामीण महिलाओं ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बड़ी कार्रवाई की। गांव की महिलाओं ने अवैध रूप से रेत निकाल रहे दो जेसीबी मशीन और एक हाइवा वाहन को मौके पर पकड़कर रोक लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि रेत माफिया शासन द्वारा अधिकृत रेत घाट से खनन नहीं कर रहे हैं, बल्कि चोरी-छिपे दूसरे स्थानों से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन कर रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि लंबे समय से गांव के आसपास अवैध रेत उत्खनन का खेल चल रहा है, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।

महिलाओं ने मौके पर ही संबंधित थाना क्षेत्र को सूचना दी। साथ ही खनिज विभाग को भी पूरे मामले की जानकारी भेजी गई है। ग्रामीणों ने गांव के सरपंच और सचिव को भी घटना से अवगत कराया। सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि अवैध रेत परिवहन में लगी भारी वाहनें गांव के मुख्य मार्गों से तेज रफ्तार में गुजरती हैं, जिससे आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। गांव के अंदर छोटे बच्चों और बुजुर्गों का निकलना मुश्किल हो गया है। महिलाओं ने बताया कि कई बार हादसे की स्थिति बन चुकी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक गंभीरता नहीं दिखा रहा।

ग्रामीणों का आरोप है कि रेत माफिया रात-दिन नदी और आसपास के क्षेत्रों में मशीनों से उत्खनन कर पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। लगातार हो रहे अवैध खनन से नदी का स्वरूप बदल रहा है और आसपास की जमीन भी प्रभावित हो रही है।

घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश का माहौल है। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध रेत उत्खनन पर जल्द रोक नहीं लगी तो ग्रामीण बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल प्रशासन और खनिज विभाग की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *